पटना , अप्रैल 25 -- खड़गपुर वन प्रक्षेत्र अंतर्गत टेटिया बम्बर प्रखंड के देवघरा स्थित श्री उच्चेश्वर नाथ धाम में इको-टूरिज्म विकास कार्य के लिए कुल 26,31,45,418 रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उच्चेश्वर नाथ धाम शिव सर्किट के प्रमुख मंदिरों में शामिल है। इस सर्किट में अजगेवीनाथ धाम, ढ़ोल पहाड़ी, रंगनाथ धाम, उच्चेश्वर नाथ धाम तथा बाबा बैद्यनाथ धाम शामिल हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यह मंदिर महाभारत काल से स्थापित माना जाता है और इसका संबंध अर्जुन के गांडीव तथा भीम के विवाह जैसी पौराणिक घटनाओं से जोड़ा जाता है।
योजना के तहत विवाह मंडप, हवन कुंड, पार्किंग, यात्री शेड, मुख्य मंदिर तक जाने वाले मार्ग का विकास, सेल्फी पॉइंट, फूड काउंटर, मेला ग्राउंड में मंच और कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही थीम आधारित प्रवेश द्वार, त्रिशूल, नंदी, स्टोन बेंच और पत्थर की मूर्तियां भी आकर्षण का केंद्र होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित