देहरादून , मार्च 06 -- उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना की उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को परियोजना की अद्यतन भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 187.11 करोड़ रुपये की वार्षिक कार्य योजना को अनुमोदित किया गया।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की 62.19 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित वार्षिक कार्ययोजना को भी स्वीकृति प्रदान की। इसके अलावा, परियोजना के प्रभावी संचालन के लिए तैयार परियोजना संचालन दिग्दर्शिका, वित्तीय प्रबंधन प्रणाली मैनुअल तथा विभिन्न प्रपत्रों और दिशानिर्देश पुस्तिकाओं का अनुमोदन किया गया।

मुख्य सचिव बर्द्धन ने निर्देश दिए कि परियोजना के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए ग्राम स्तर पर स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार की जाएं, ताकि ग्रामीणों को परियोजना का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए परियोजना के माध्यम से बारानी कृषि को अधिक सक्षम और टिकाऊ बनाया जाना आवश्यक है।

बैठक में सचिव/मुख्य परियोजना निदेशक दिलीप जावलकर, सचिव सी. रविशंकर, परियोजना निदेशक हिमांशु खुराना, अपर सचिव अपूर्वा पांडेय, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी सारा कहकशां नसीम, संयुक्त निदेशक डाॅ. ए.के. डिमरी, मुख्य वित्त अधिकारी दीपक भट्ट, उप निदेशक डाॅ. एस.के. उपाध्याय, डाॅ. डी.एस. रावत, डाॅ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित