देहरादून , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड के जनपद देहरादून में 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे , कार्यक्रम के दौरान होने वाले रोड शो तथा जनसभा के मद्देनजर अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था ने रविवार को यहां पुलिस लाइन में सुरक्षा में नियुक्त किये गये समस्त पुलिस बल की ब्रीफिंग की।
उन्होंने इस दौरान कार्यक्रम हेतु किये गये सुरक्षा प्रबन्धों की समीक्षा करते हुए वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य में सभी अधिकारी व कर्मचारियों को सजग एवं सतर्क रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित किया।
उन्होंने उपस्थित पुलिस बल को निर्देशित करते हुए बताया कि सभी अधिकारी व कर्मचारी ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय से तीन घण्टे पूर्व अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर, अपनी ड्यूटी के सम्बन्ध में अपने प्रभारी अधिकारी से जानकारी प्राप्त कर ले तथा ड्यूटी स्थल व उसके आस-पास के स्थानों को भली-भांति चैक कर लिया जाये। ड्यूटी में नियुक्त सभी अधिकारी,कर्मचारी अपने साथ पहचान पत्र तथा ड्यूटी कार्ड अवश्य रखे।
उन्होंने सभी नोडल पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वह सादे व वर्दी में लगने वाले समस्त पुलिस बल की पहचान कर उनके ड्यूटी कार्ड चौक करते हुए उन्हें ड्यूटी के सम्बन्ध में भली भांति ब्रीफ कर लें तथा इस बात को सुनिश्चित कर लें कि ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी,कर्मचारी अपने ड्यूटी स्थल को छोडकर किसी एक स्थान पर एकत्रित न हों।
वीवीआईपी कार्यक्रम में होने वाले रोड शो के दौरान विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमो व वीवीआईपी रूट पर बनने वाली मानव श्रंखला के दृष्टिगत कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के सत्यापन की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये।
कार्यक्रम से पूर्व उनकी उचित जांच करने के उपरान्त ही उन्हें इन कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने की अनुमति दी जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित