नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- उच्चतम न्यायालय ने गुरुवार को राज्य सरकारों की ओर से मुफ्त वस्तुओं एवं सेवाओं (फ्रीबीज) तथा सब्सिडी की घोषणा करने की बढ़ती प्रथा पर गंभीर चिंता जताई।
न्यायालय ने आगाह किया कि इसका वित्तीय बोझ अंततः करदाताओं पर पड़ता है और यह दीर्घकालिक आर्थिक विकास में बाधा डाल सकता है।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने 'तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड' (टीएनपीडीसीएल) की ओर से बिजली (संशोधन) नियम, 2024 के नियम 23 को चुनौती देने वाली दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए बढ़ते राजस्व घाटे के बीच इस तरह की दरियादिली के पीछे के वित्तीय विवेक पर सवाल उठाए।
मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "लेकिन यह पैसा जिसे राज्य अब भुगतान करने की बात कह रहा है, उसका भुगतान कौन करेगा? यह करदाताओं का पैसा है।" उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि तथाकथित 'मुफ्त' लाभों का वित्तपोषण सार्वजनिक खजाने से किया जाता है।
न्यायालय ने व्यापक परिणामों की चेतावनी देते हुए टिप्पणी की कि 'इस तरह के उपहारों के वितरण से राष्ट्र का आर्थिक विकास बाधित होगा।' उन्होंने बताया कि कई राज्य राजस्व घाटे में चलने के बावजूद कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार करना जारी रखते हैं, जिससे यह चिंता पैदा होती है कि विकास पर व्यय अनिवार्य रूप से प्रभावित होगा।
यह स्वीकार करते हुए कि राज्य का कर्तव्य उन लोगों की मदद करना है जो शिक्षा या सम्मानजनक जीवन जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने में असमर्थ हैं, न्यायालय ने सवाल उठाया कि क्या सब्सिडी का लक्ष्य सही तरीके से तय किया जा रहा है। न्यायालय ने नोट किया कि लाभ अक्सर उन लोगों तक भी पहुँच जाते हैं जो वास्तव में जरूरतमंद नहीं हैं।
पीठ ने विशेष रूप से मुफ्त बिजली योजनाओं का जिक्र करते हुए अंधाधुंध सब्सिडी पर सवाल उठाया और रेखांकित किया कि कुछ राज्यों में बड़े जमींदारों को भी मुफ्त बिजली मिलती है, जिससे वे बिना किसी लागत के बिजली जलाते हैं और मशीनें चलाते हैं। मुख्य न्यायाधीश ने कहा, "यदि आप सुविधा चाहते हैं, तो इसके लिए भुगतान करें।"न्यायालय ने ऐसी घोषणाओं के समय की ओर भी ध्यान आकर्षित किया। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने पूछा, "हम केवल तमिलनाडु के संदर्भ में बात नहीं कर रहे हैं। हम इस तथ्य पर हैं कि चुनाव से ठीक पहले योजनाओं की घोषणा क्यों की जा रही है। सभी राजनीतिक दलों और समाजशास्त्रियों को इस विचारधारा पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। यह कब तक चलेगा?"न्यायमूर्ति बागची ने राजकोषीय योजना और नियामकीय ईमानदारी के बारे में चिंता जताई। उन्होंने उन उदाहरणों का उल्लेख किया जहाँ वैधानिक नियामकों द्वारा बिजली दरें तय किए जाने के बाद सरकारें हस्तक्षेप करती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित