सतना , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में सतना जिले के उचेहरा अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान अस्पताल में तैनात स्टाफ नर्स और सफाईकर्मी ने उनसे पैसे लिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रसव के दौरान महिला को इंजेक्शन स्टाफ नर्स के बजाय सफाईकर्मी ने लगाया। इन आरोपों के बाद परिजनों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
नवजात की मौत से आक्रोशित परिजनों ने खंड चिकित्सा अधिकारी से पूरे घटनाक्रम की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने प्रसव के दौरान ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर लापरवाही पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों का कहना है कि निष्पक्ष जांच से नवजात की मौत की परिस्थितियों और पैसे लेने सहित अन्य आरोपों की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित