जोहान्सबर्ग, 26 सितंबर (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज जॉश इंग्लिश उंगली में फ्रैक्चर के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे और तीसरे वनडे से बाहर हो गए हैं।

डरबन में खेले गए पहले वनडे में कीपिंग करते समय इंग्लिश की दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली टूट गई थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कीपिंग जारी रखी और लक्ष्य का पीछा करते हुए बल्लेबाजी भी की, जिसमें उन्होंने नंबर 4 पर आकर 8 गेंदों में 3 रन बनाए। लेकिन चोट की गंभीरता को देखते हुए अब उन्हें 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग और 30 सितंबर को पॉचेफस्ट्रूम में होने वाले वनडे मैचों से बाहर कर दिया गया है।

इंग्लिश नौ अक्टूबर से डरबन में शुरू होने वाली बहुप्रतीक्षित टेस्ट सीरीज के लिए अपनी उंगली ठीक होने पर शामिल हो पायेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में एलेक्स कैरी के बैक-अप कीपर हैं, लेकिन अगर वह समय पर ठीक हो जाते हैं, तो उनके पास स्पेशलिस्ट बल्लेबाज़ के तौर पर प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने का मौका हो सकता है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक बयान में पुष्टि की गई है कि इंग्लिश मेडिकल स्कैन के लिए पर्थ लौटेंगे और टेस्ट सीरीज़ के लिए उनकी उपलब्धता "आगे की जांच और सुधार" पर निर्भर करेगी। ऑस्ट्रेलिया ने बाकी दो वनडे मैचों के लिए इंग्लिश की जगह किसी और खिलाड़ी को शामिल नहीं किया है, लेकिन अगर वह समय पर ठीक नहीं हो पाते हैं, तो उन्हें टेस्ट सीरीज के लिए विकल्पों पर विचार करना पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित