पटना , अगस्त 02 -- ्रदेश में ई-वाहनों के प्रोत्साहन के लिए परिवहन विभाग ने एक और बड़ा निर्णय लिया है। जिसके तहत अब इवी चालकों को वाहन चार्जिंग करने के लिए अधिक राशि देने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा चार्जिंग के लिए अनावश्यक घंटों कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं होगी। विभाग ने राजधानी के 48 जगहों पर इ-चार्जिंग स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। जिसके लिए पटना शहरी व ग्रामीण इलाकों में जगह चिह्नित करने का काम पूरा हो चुका है।
परिवहन अधिकारियों ने कहा कि शहर में बढ़ती इ-वाहनों की संख्या को देखते हुए प्रदेश भर में अलग-अलग जगहों पर इ-चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जायेगा। जिससे ई -रिक्शा, ई -मोटरसाइकिल व कार चालकों को सस्ते दर पर वाहन चार्ज करने की सुविधा दी जा सकेगी।
परिवहन अधिकारियों ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन चालकों की सुविधा के लिए 48 चिह्नित महत्वपूर्ण जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनाये जायेंगे। सुभाष चौक, पीएंडएम मॉल के पास, बांकीपुर, पाटलिपुत्र इंडस्ट्रियल, अंबेडकर भवन, नाला रोड, आर्य कुमार रोड, वैशाली गोलंबर, दिनकर चौक, मलाही पकड़ी, रैन बसेरा, मेदांता अस्पताल, एसबीआई एटीएम, लोहिया नगर पार्क, जेपी सेतु मरीन ड्राइव, बिस्कोमान गोलंबर, रानीघाट, जनसंख्या अनुसंधान केंद्र, विश्वविद्यालय के पास, सत्ती चौराहा मंदिर, लिंक पथ, जल्ला महावीर मंदिर, मीना बाजार, जर्नादन घाट मेंदाता अस्पताल, पालीगंज, मसौढ़ी रोड व अन्य कई जगहों पर चार्जिंग स्टेशन का निर्माण किया जायेगा। वहीं इन स्थानों पर आमतौर पर चार चार्जिंग स्लॉट का निर्माण करने की तैयारी है। जिसमें दो दोपहिया वाहन व दो चार पहिया वाहन के लिए तैयार किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित