भिण्ड , जुलाई 10 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले की देहात थाना पुलिस ने ई-रिक्शा बैटरी चोरी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 100 से अधिक चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। गिरोह के दो अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार पिछले कई महीनों से भिण्ड, मेहगांव, गोहद, अटेर, फूप, रौन, मिहोना, लहार, दबोह और आलमपुर क्षेत्रों में ई-रिक्शा की बैटरियां चोरी होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान एक वारदात के सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कार दिखाई देने पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

पुलिस ने लवकुश शर्मा निवासी ऐंतहार और सोनू नागर निवासी सीतानगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि गिरोह के सदस्य उत्तरप्रदेश के इटावा और औरैया से किराये की कार लेकर भिण्ड आते थे। पहले सुनसान स्थानों पर खड़े ई-रिक्शा की रेकी की जाती थी, इसके बाद रात में बैटरियां निकालकर कार में रख ली जाती थीं और वापस लौट जाते थे।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि एक ई-रिक्शा में चार बैटरियां होती हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 40 हजार रुपये होती है। चोरी की गई बैटरियां 10 से 15 हजार रुपये में उन लोगों को बेच दी जाती थीं, जिनके ई-रिक्शा की बैटरियां खराब हो चुकी होती थीं।

देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने 100 से अधिक बैटरी चोरी की घटनाओं में संलिप्तता स्वीकार की है। गिरोह के फरार सदस्य अंसार खान और गोल्लू वाल्मीकि की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित