बहराइच , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र में झींगहा घाट स्थित हनुमान मंदिर के निकट एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट जाने से एक महिला और छह वर्षीय मासूम सहित पांच लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां एक बालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घायलों में नौवनपुरवा गांव निवासी शशि, रमपता, जलवर्षा, कृष्णावती तथा छह वर्षीय राजकुमार शामिल हैं। बताया गया है कि शशि अपने परिजनों के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घायल शशि ने चालक पर अत्यधिक तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस प्रकरण की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित