मुरैना , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के कैलारस थाना क्षेत्र में एक महिला ने अज्ञात कारणों के चलते क्वारी नदी में छलांग लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया, लेकिन ई-रिक्शा चालक ने नदी में कूदकर उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार घटना कैलारस क्षेत्र में नेपरी स्थित क्वारी नदी के पुल पर गुरुवार सुबह हुई। सबलगढ़ निवासी 26 वर्षीय महिला बबली गौड़ अचानक नदी में कूद गई। महिला को नदी में कूदता देख सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा चालक ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और उसे बचाने का प्रयास शुरू कर दिया।
ई-रिक्शा चालक की तत्परता और साहस से महिला को नदी से बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और बबली को अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित