हरिद्वार , अगस्त, 29 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में शनिवार को 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रहमतपुर गांव के पास नौगजे पीर के निकट ई-रिक्शा और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार प्रभात गिरी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि रहमतपुर निवासी प्रभात गिरी शनिवार सुबह बहादराबाद स्थित डेरी में दूध पहुंचाने के बाद बाइक से वापस अपने गांव लौट रहा था। करीब 10 बजे नौगजे पीर के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ई-रिक्शा से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रभात गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। उधर, हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन मौके पर छोड़कर भाग निकला, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।
प्रभात की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले ही इसी गांव के दो युवकों की सड़क हादसे में मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों से ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित