जौनपुर , मार्च 22 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार चंदापुर स्थित पहलवान वीर बाबा मंदिर के पास ई-रिक्शा ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बदलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सरस्वती देवी (52) को मृत घोषित कर दिया।
घायल पति मंगरू राम को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि मृतका सरस्वती देवी सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के डड़ारी गांव की निवासी थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित