देवास , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश में देवास पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए बिहार के कटिहार जिले से 21 वर्षीय आरोपी सचिन कुमार को गिरफ्तार कर पांच लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले के तार झारखंड के जामताड़ा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी एलआईसी के सेवानिवृत्त 62 वर्षीय कर्मचारी मनोहर लाल सिलोदिया से बैंक अधिकारी बनकर संपर्क किया गया था। आरोपी ने पेंशन कार्ड अपडेट करने और कर में छूट दिलाने का झांसा देकर उनसे छह लाख तीन हजार रुपये की ठगी की थी। शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 565/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) में ई-जीरो एफआईआर दर्ज की गई।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल नंबर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बिहार के कटिहार जिले में कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार, निवासी खुदनारूपसपुर, थाना रौतारा को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घर की अलमारी से ठगी की रकम में से पांच लाख रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित