जगदलपुर , अक्टूबर 03 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर की पारंपरिक हस्तकला को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने और स्थानीय शिल्पकारों को बेहतर आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किए जा रहे 'बस्तर कला गुड़ी एक्सपीरियंस जोन' का कलेक्टर आकाश छिकारा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तन्मय खन्ना ने निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने शनिवार को परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों तथा कलाकृतियों के प्रदर्शन और विक्रय के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एक्सपीरियंस जोन में बस्तर की पहचान माने जाने वाले ढोकरा शिल्प, मूर्तिकला, सीसल, टेराकोटा, रॉट आयरन (लोह शिल्प) और बांस कला से निर्मित उत्पादों को एक ही स्थान पर प्रदर्शित करने की व्यवस्था की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परिसर को स्थानीय कला और संस्कृति के अनुरूप अधिक आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। पर्यटकों को बस्तर की पारंपरिक शिल्प निर्माण प्रक्रिया से परिचित कराने के लिए स्थानीय शिल्पकारों द्वारा कलाकृतियों के निर्माण का लाइव प्रदर्शन भी किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित