, May 4 -- ग्रेटर नोएडा 04 मई (वार्त) उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर स्थित ग्रेटर नोएडा में दादरी थाना क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

पुलिस ने आज जानकारी देते हुए बताया गया कि, भीलवाड़ा (राजस्थान) निवासी चार लोग एक कार से बनारस जा रहे थे। जब उनकी कार दादरी कट से गाजियाबाद की ओर ग्राम शाहपुर अंडरपास के पास पहुंची, तभी सामने चल रहे ट्रक से जोरदार उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

इस हादसे में कार सवार विवेक, राम और ममता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस और पीआरवी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है और उसे खतरे से बाहर बताया जा रहा है।

पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटाकर कब्जे में ले लिया है।

दादरी थाना पुलिस द्वारा ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित