भुवनेश्वर , अक्टूबर 02 -- पूर्व तटीय रेलवे (ईसीओआर) ने ओडिशा के रायगडा खंड में बोरा गुहालु और करकावलासा स्टेशनों के बीच 829 मीटर लंबी सुरंग नंबर 41-41ए की खुदाई सफलतापूर्वक पूरी करके इंजीनियरिंग के क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।
यह कोट्टावलासा-कोरापुट दोहरीकरण परियोजना में एक अहम पड़ाव है।
ईसीओआर के सूत्रों ने बताया कि यह कामयाबी एक अक्टूबर को बोरा गुहालु-करकावलासा ब्लॉक सेक्शन में मिली। इसमें अलाइनमेंट (सीध) में 100 प्रतिशत सटीकता रही, जो मुश्किल इलाकों में रेलवे प्रोजेक्ट को पूरा करने में दिखाई गई बारीकी और इंजीनियरिंग की विशेषज्ञता को दर्शाता है। सुरंग नंबर 41-41ए की कुल लंबाई 829 मीटर है और इसे घोड़े की नाल (हॉर्सशू) के आकार में बनाया गया है, जिसका अलाइनमेंट आठ डिग्री के कर्व (घुमाव) तक जाता है। इस सफल खुदाई को कोट्टावलासा-कोरापुट दोहरीकरण परियोजना को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति माना जा रहा है। इस परियोजना में इलाके के मुश्किल रास्तों पर रेलवे का अतिरिक्त बुनियादी ढांचे का निर्माण शामिल है।
उन्होंने बताया कि सुरंग की खुदाई पूरी होने से दोहरीकरण के काम में और तेज़ी आयेगी और कोट्टावलासा-कोरापुट खंड में रेल सम्पर्क और बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। इस दोहरीकरण से लाइन की क्षमता बढ़ने, परिचालन दक्षता में सुधार होने और इस इलाके में मालगाड़ियों एवं यात्री ट्रेनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इस परियोजना का मकसद रणनीतिक रूप से अहम कोट्टावलासा-कोरापुट गलियारे में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करना और इस सेक्शन में ट्रेन संचालन की कुल दक्षता में सुधार करना भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित