चेन्नई , अगस्त 29 -- उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को कोयंबटूर पहुंच गए हैं। वह तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और केंद्रशासित प्रदेश लक्षद्वीप की तीन दिवसीय यात्रा पर हैं।

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, पिछड़ा वर्ग, अति पिछड़ा वर्ग एवं गैर-अधिसूचित समुदाय कल्याण मंत्री वी. संपत कुमार और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इसके बाद उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ईरोड स्थित कोंगू इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने कोंगू वेल्लालर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ट्रस्ट (केवीआईटीटी) के स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया।

इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान उपराष्ट्रपति शिक्षा, जनसेवा, सांस्कृतिक विरासत, उद्योग-अकादमिक सहयोग, मत्स्य पालन और प्रमुख सार्वजनिक समारोहों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। ईरोड के कार्यक्रम के बाद वह बेंगलुरु के लिए रवाना हो गये, जहां वह विधानसभा सौध में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े के जन्म शताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगे।

रविवार को उपराष्ट्रपति केरल की यात्रा पर रहेंगे। अपनी यात्रा की शुरुआत वह अलप्पुझा से करेंगे, जहां वह लियो अष्टम उच्चतर माघ्यमिक विदयालय में 'केरल कौमुदी' के 115वें वार्षिकोत्सव में शामिल होंगे। इसके बाद वह पथानामथिट्टा जायेंगे और आराणमुला जल महोत्सव 2026 का उद्घाटन करेंगे।

वहां से उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन तिरुवनंतपुरम जायेंगे, जहां वह केरल के प्रमुख सांस्कृतिक उत्सव ओणम के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक झांकी का उद्घाटन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित