वॉशिंगटन , अप्रैल 01 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो से बाहर निकलने की संभावना जताते हुए कहा है कि ईरान के खिलाफ युद्ध में सहयोगियों की अनिच्छा के कारण अमेरिका इस सैन्य गठबंधन से हटने पर विचार कर रहा है।

श्री ट्रंप ने ब्रिटिश दैनिक टेलीग्राफ को दिए साक्षात्कार में कहा कि वह उस नाटो सदस्यता को समाप्त करने पर विचार कर रहे हैं, जिसे अमेरिका ने सात दशक से अधिक पहले पश्चिमी यूरोपीय देशों के साथ मिलकर सोवियत संघ (वर्तमान रूस) का मुकाबला करने के लिए स्थापित किया था।

श्री ट्रंप ने ईरान के खिलाफ 28 फरवरी से जारी अमेरिका-इज़रायल अभियान के दौरान नाटो सहयोगियों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने न तो युद्ध में योगदान दिया और न ही होर्मुज़ जलडमरूमध्य में ईरानी अवरोध को तोड़ने में मदद की।

श्री ट्रंप ने नाटो से संभावित अलगाव पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा, "हां, यह अब पुनर्विचार से आगे की बात है। मैं कभी भी नाटो से प्रभावित नहीं रहा। मुझे हमेशा पता था कि यह एक 'पेपर टाइगर' है, और (रूस के राष्ट्रपति) व्लादिमीर पुतिन भी यह जानते हैं।"श्री ट्रंप लंबे समय से नाटो की आलोचना करते रहे हैं और इसे अमेरिका पर अत्यधिक निर्भर बताते हुए कई बार इससे बाहर निकलने की चेतावनी दे चुके हैं।

अमेरिकी कानून के तहत नाटो से बाहर निकलने या सदस्यता निलंबित करने के लिए व्हाइट हाउस को सीनेट की "सलाह और सहमति" प्राप्त करनी होती है, जिसके लिए दो-तिहाई बहुमत आवश्यक है।

विश्लेषकों के अनुसार, यूक्रेन में रूस के साथ जारी युद्ध के बीच नाटो सहयोगियों के लिए यह बयान चिंता का विषय है, क्योंकि इससे उन्हें रूसी सैन्य दबाव का सामना स्वयं करना पड़ सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित