तेहरान , मई 27 -- ईरान ने बुधवार को 23 जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी।

ईरान के सरकारी टेलीविजन की एक रिपोर्ट में कहा गया, "बुधवार को जिन 23 जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के लिए आईआरजीसी नौसेना से अनुमति मांगी थी, उन्हें उनके परमिट मिल गए हैं। आईआरजीसी नौसेना की शर्तें बरकरार हैं। ये शर्तें पहले दिन ही स्पष्ट कर दी गई थीं और आज भी मान्य हैं- कोई भी शत्रु देश होर्मुज जलडमरूमध्य से अपने जहाजों को नहीं गुजार सकता है, लेकिन ईरान उन लोगों के साथ सहयोग करता है जो उसकी व्यवस्था का सम्मान करना चाहते हैं।"उल्लेखनीय है कि ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल के संयुक्त युद्ध से पहले होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला था और दुनिया भर के वाणिज्यिक टैंकर और मालवाहक जहाज इससे होकर गुजरते थे। लेकिन ईरान ने हमले के बाद इस जलडमरूमध्य को बंद कर दिया था।

बाद में शांति वार्ता के असफल होने के बाद अमेरिका द्वारा 13 अप्रैल को ईरानी बंदरगाहों और जहाजों की नौसैनिक नाकेबंदी करने के बाद से ईरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि ईरानी समन्वय के बिना जलडमरूमध्य को पार करने वाले जहाजों को रोके जाने या हमले का सामना करना पड़ सकता है।

ईरानी अधिकारियों का दावा है कि हाल के दिनों में दर्जनों जहाजों ने मंजूरी मांगी है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि करना कठिन बना हुआ है क्योंकि इस क्षेत्र में काम करने वाले कई जहाज अपने ट्रैकिंग सिग्नलों को सीमित किया है।

ईरान ने स्पष्ट किया है कि वह मार्ग से गुजरने के लिए कोई शुल्क नहीं वसूल रहा है, बल्कि यह नई व्यवस्था नौवहन में सुधार, पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा सेवाओं का हिस्सा है, जिसके तहत वाणिज्यिक जहाजों को परिचालन लागत वहन करनी होगी। इसके साथ ही ईरान ने अमेरिका के उन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि वह इस जलमार्ग का प्रयोग पैसे कमाने के लिए कर रहा है।

अमेरिका ने इस कदम का कड़ा विरोध किया है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य 'एक न एक तरीके से' फिर से खुलेगा। उन्होंने ईरान की कार्रवाइयों को अवैध बताते हुए चेतावनी दी कि होर्मुज पर दीर्घकालिक प्रतिबंध 'दुनिया के लिए असहनीय' और 'अस्वीकार्य' हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित