तेहरान , मई 21 -- ईरान ने होर्मुज जलडमरुमध्य में अपने नियंत्रण क्षेत्र को स्पष्ट करते हुए कहा है कि इस समुद्री मार्ग से गुजरने से पहले सभी जहाजों को अनुमति लेनी होगी और समन्वय स्थापित करना होगा।

'फारस की खाड़ी जलडमरूमध्य प्राधिकरण' ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जलडमरुमध्य में नियंत्रण क्षेत्र को स्पष्ट करते हुए कहा कि निगरानी क्षेत्र पूर्व की ओर ईरान के कुह-ए उबारक से लेकर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह के दक्षिण तक और पश्चिम की ओर ईरान के केश्म द्वीप के छोर से लेकर यूएई के उम अल कुवैन तक फैला हुआ है।

प्राधिकरण ने कहा कि निर्दिष्ट क्षेत्र से गुजरने वाले जहाजों को फारस की खाड़ी जलमार्ग प्रबंधन प्राधिकरण के साथ समन्वय करना होगा और जलडमरूमध्य में प्रवेश करने से पहले आवाजाही कि अनुमति प्राप्त करनी होगी।

यह घटनाक्रम अमेरिका-ईरान वार्ताओं में जारी गतिरोध के बीच आया है, जिसमें दोनों पक्ष अपने रुख में ढील देने से इनकार कर रहे हैं। अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह से बंद करने की मांग की है, जबकि ईरान ने अपने ऊर्जा सुरक्षा हितों की रक्षा करने और होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण बनाए रखने पर जोर दिया है।

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े संचालन के प्रबंधन और निगरानी के लिए एक नई नियामक संस्था के रूप में इस प्राधिकरण की शुरुआत की है। सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इस प्राधिकरण के परिचालन की पुष्टि भी कर दी है। इस ढांचे के तहत, होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने की इच्छा रखने वाले जहाजों को ईमेल के माध्यम से आधिकारिक निर्देश प्राप्त होंगे, जिसमें पारगमन के नियमों और प्रक्रियाओं का विवरण होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित