तेहरान , सितंबर 13 -- ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए अमेरिका के समक्ष सात शर्तें रखी हैं। ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम ने एक जानकार सूत्र के हवाले से यह जानकारी दी।

ईरानी विदेश मंत्रालय ने इससे पहले घोषणा की थी कि तेहरान सोमवार को ओमान में इराक और फारस की खाड़ी के देशों के साथ बैठक करेगा। इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक जहाजों के सुरक्षित आवागमन के लिए मार्गों पर चर्चा की जाएगी।

सूत्र ने तस्नीम को बताया, "जब तक ईरान के शीर्ष अधिकारियों द्वारा मंजूर की गयी इन सात शर्तों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा।"तस्नीम ने पहले बताया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और ओमान के बीच हुए समझौते में इस जलमार्ग को खोलने का प्रावधान नहीं था। समझौते के तहत दोनों पक्षों ने होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश और निकास के मुख्य मार्गों का समन्वय किया है।

अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान में ठिकानों पर हमले शुरू किये थे, जिसके जवाब में ईरान ने भी हमले किये। जून के मध्य में ईरान और अमेरिका ने शत्रुता समाप्त करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किये थे, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच फिर हमले हुए। फिलहाल संघर्ष का समाधान नहीं हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित