तेहरान , जुलाई 07 -- ईरान ने मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल की टिप्पणियों की आलोचना की। ईरान ने इन टिप्पणियों को सच्चाई को शर्मनाक तरीके से तोड़-मरोड़कर पेश करने वाला और उसकी अपनी जिम्मेदारियों से ध्यान भटकाने की कोशिश करार दिया है।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि रणनीतिक जलमार्ग पर श्री वाडेफुल की टिप्पणियां हकीकत को बुरी तरह से तोड़-मरोड़कर पेश करने जैसा है और उन्होंने जर्मनी पर जवाबदेही से बचने की कोशिश करने का आरोप लगाया। श्री बक़ाई ने लिखा कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य पर जर्मन विदेश मंत्री का बयान बहुत शर्मनाक है, यह वास्तविकता को बुरी तरह से तोड़-मरोड़कर पेश करना है जिसमें गोएथे की रचना 'फ़ाउस्ट' के पात्र मेफ़िस्टोफ़िलिस जैसी झलक मिलती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य आक्रामकता में मिलीभगत के लिए जर्मनी को ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।जर्मनी का कोई भी बयान उसे ईरानी लोगों के ख़िलाफ़ ग़ैर-क़ानूनी कामों और युद्ध अपराधों की ज़िम्मेदारी से बरी नहीं कर सकता है।

ये टिप्पणियां तब आईं जब श्री वाडेफुल ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाने के किसी भी अंतरराष्ट्रीय अभियान का खर्च आखिरकार ईरान को ही उठाना चाहिए। श्री वाडेफुल ने एक जर्मन प्रकाशन को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि अंतरराष्ट्रीय नौवहन मार्ग में बारूदी सुरंगें हटाने के मिशन की अनुमति देने के लिए ईरान को प्रोत्साहन देने की कोई आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने आगे कहा कि हालांकि जर्मनी और उसके यूरोपीय सहयोगी शुरू में ईरान से बारूदी सुरंगें हटाने का खर्च नहीं लेंगे लेकिन सैद्धांतिक रूप में यह सही होगा और इसका खर्च ईरान को ही उठाना चाहिए क्योंकि हम उस नुकसान की भरपाई कर रहे होंगे जो उस शासन की वजह से हुआ है।

श्री वाडेफुल ने कहा कि जर्मनी जलडमरूमध्य से सुरक्षित आवाजाही बहाल करने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मिशन में शामिल होने को तैयार है लेकिन जर्मन सेना की किसी भी तैनाती के लिए एक स्पष्ट कानूनी एवं राजनीतिक संरचना की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि बारूदी सुरंगें हटाने के काम में जर्मन सेना की भूमिका सुरक्षा स्थिति, क्षेत्रीय देशों खासकर ओमान और ईरान की मंज़ूरी और अमेरिका-ईरान बातचीत की प्रगति पर निर्भर करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित