तेहरान , मार्च 26 -- ईरान ने अमेरिका का मुकाबला करने के लिए बाब-एल-मंडेब जलडमरूमध्य में एक 'मोर्चा' खोलने की धमकी दी है।
ईरानी समाचार एजेंसी तसनीम ने एक सैन्य स्रोत के हवाले से यह जानकारी दी। इससे पहले, ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुजतबा खामेनेई ने कहा था कि यदि क्षेत्र में संघर्ष जारी रहता है तो ईरान अमेरिका और इज़राइल के खिलाफ नए मोर्चे खोल सकता है।
स्रोत ने समाचार एजेंसी को बताया कि ईरान लाल सागर में उस रणनीतिक जलमार्ग को खतरे में डालने में सक्षम है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि अमेरिका ईरान के दक्षिणी क्षेत्रों और ईरानी द्वीपों के खिलाफ कोई कार्रवाई करने का प्रयास करता है तो अमेरिका का मुकाबला करने के लिए यह नया मोर्चा खोला जाएगा।
न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार ने बुधवार को अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से खबर दी कि अमेरिकी सैना उत्तरी फारस की खाड़ी में देश के प्राथमिक तेल निर्यात केंद्र, ईरान के खार्ग द्वीप पर कब्जा करने के लिए 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के सैनिकों की तैनाती पर विचार कर रही हैं।
अमेरिका और इज़राइल ने 28 फरवरी को तेहरान सहित ईरान के ठिकानों पर हमले किए, जिससे व्यापक नुकसान हुआ और हजारों की संख्या में नागरिक हताहत हुए। इसके जवाब में ईरान ने इज़राइली क्षेत्र और पश्चिमी एशिया में अमेरिकी सैन्य सुविधाओं पर हमले करने शुरू कर दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित