तेहरान , मई 17 -- ईरान ने अमेरिका और इजरायल पर वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगाया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल तेहरान के खिलाफ एक अवैध "अपनी पसंद के युद्ध" को सही ठहराने की कोशिश कर रहे हैं।

श्री बघाई ने अमेरिका की कड़ी आलोचना करते हुए उसके उन दावों को खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया था कि ईरान पर उनका हमला वैश्विक ऊर्जा बाजारों में शांति और स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से है।

उन्होंने कहा कि उनकी सैन्य कार्रवाइयों ने इसके बजाय कूटनीतिक प्रयासों को बाधित किया है और महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्गों को खतरे में डाल दिया है।

श्री बघाई ने कहा, "अपने अवैध 'अपनी पसंद के युद्ध' को उचित ठहराने के लिए फैलाया जा रहा अगला बड़ा झूठ यह दावा है कि वे वैश्विक ऊर्जा बाजारों में शांति और स्थिरता बनाए रख रहे हैं।"श्री बघाई ने अमेरिका और इसराइल पर "लापरवाह युद्धोन्माद" का आरोप लगाया और कहा कि उनकी कार्रवाइयों ने जानबूझकर क्षेत्र में असुरक्षा पैदा की है, जबकि वे अस्थिरता के लिए ईरान को दोषी ठहरा रहे हैं।

इसे एक "जाना-पहचाना और कुटिल पैंतरा" बताते हुए प्रवक्ता ने कहा कि ये दोनों सहयोगी "संकट और युद्ध का निर्माण" कर रहे हैं और फिर शांति बहाल करने के नाम पर तनाव को और बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने रोमन इतिहासकार टैसिटस का हवाला देते हुए कहा, "वे तबाही पैदा करते हैं और उसे शांति का नाम देते हैं।"ईरान की यह टिप्पणी खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच आई है, जहां तेल शिपिंग मार्गों में संभावित व्यवधान की आशंकाओं ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों और अर्थव्यवस्थाओं को प्रभावित किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित