वाशिंगटन , अप्रैल 05 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि ईरान के साथ संभवतः सोमवार तक समझौता होने की प्रबल संभावना है, लेकिन अगर ईरान ने तेजी नहीं दिखाई तो हमलों को काफी बढ़ाया जा सकता है।

श्री ट्रंप ने फॉक्स न्यूज़ से बातचीत में कहा कि अगर ईरान समझौते की दिशा में तेजी नहीं दिखाता है तो वह "सब कुछ उड़ा देने" और "तेल पर नियंत्रण करने" जैसे विकल्पों पर विचार कर रहे हैं।

श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने वार्ता जारी रखने के लिए ईरानी वार्ताकारों को "राहत" दी है, हालांकि ईरान की ओर से इस पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी।

श्री ट्रंप इससे पहले कह चुके हैं कि अमेरिका का संपर्क ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकिर गालिबफ से रहा है। उनके इस दावे पर कि समझौता निकट है, ईरान की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गयी।

इसी दिन श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर चेतावनी देते हुए कहा कि मंगलवार "ईरान में बिजलीघर और पुलों को निशाना बनाने का दिन" हो सकता है और कहा, "ऐसा पहले कभी नहीं देखा गया होगा।" उन्होंने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को भी कहा, अन्यथा "गंभीर परिणाम" भुगतने की चेतावनी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित