वाशिंगटन , मार्च 19 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इजरायल अब ईरान के महत्वपूर्ण गैस बुनियादी ढांचे पर और हमले नहीं करेगा। युद्ध के तेजी से बढ़ते 'ऊर्जा मोर्चे' को नियंत्रित करने के प्रयास में ट्रंप का यह बयान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यह घोषणा ईरान के 'साउथ पार्स' गैस क्षेत्र पर इजरायली हमले के बाद आई है, जो दुनिया के सबसे बड़े गैस क्षेत्रों में से एक और ईरान की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।हाल ही में इजरायल ने पहली बार ईरान के गैस ढांचे को सीधे निशाना बनाया, जिसे अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों ने वाशिंगटन के साथ समन्वित ऑपरेशन बताया। इस हमले के जवाब में ईरान ने कुछ ही घंटों बाद कतर स्थित 'रास लफान' औद्योगिक शहर पर मिसाइल हमले किए, जो वैश्विक एलएनजी का एक बड़ा केंद्र है। कतरएनर्जी ने इस हमले में भारी नुकसान होने की पुष्टि की है।
इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच कतर के अधिकारियों ने अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ से स्पष्टीकरण मांगा है। श्री ट्रंप ने हालांकि सार्वजनिक रूप से कहा था कि वाशिंगटन को हमले की पूर्व जानकारी नहीं थी, लेकिन बाद में अधिकारियों ने संकेत दिया कि उन्होंने इजरायली हमले को मंजूरी दी थी।
श्री ट्रंप ने अब चेतावनी दी है कि अगर ईरान फिर से कतर पर हमला करता है, तो इजरायल 'साउथ पार्स' पर दोबारा हमले कर सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाशिंगटन के पास पूरे 'साउथ पार्स' क्षेत्र को नष्ट करने की क्षमता है, लेकिन वे इसके दूरगामी परिणामों से बचना चाहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित