इस्लामाबाद , अप्रैल 08 -- पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को घोषणा किया कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान और अमेरिका अपने सहयोगियों के साथ लेबनान सहित सभी मोर्चों पर तत्काल एवं व्यापक युद्धविराम के लिए सहमत हो गए हैं।

श्री शरीफ ने कहा, "अत्यंत विनम्रता के साथ, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी महसूस हो रही है कि ईरान और अमेरिका हर जगह तत्काल प्रभाव से युद्धविराम पर सहमत हो गए हैं" उन्होंने इस कदम को संघर्षग्रस्त पश्चिम एशिया क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बहाल करने के उद्देश्य से उठाया गया एक दूरदर्शी कदम बताया।

इस घटनाक्रम का स्वागत करते हुए पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया और औपचारिक रूप से उनके प्रतिनिधिमंडलों को 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में उच्च स्तरीय वार्ता के लिए आमंत्रित किया। प्रस्तावित वार्ता को 'इस्लामाबाद वार्ता' नाम दिया गया है जिसमें लंबे समय से चले आ रहे विवादों को सुलझाने के लिए एक व्यापक एवं स्थायी समझौते पर पहुंचने पर ध्यान केंद्रित किए जाने की उम्मीद है।

श्री शरीफ ने इस बात पर बल दिया कि दोनों पक्षों ने असाधारण बुद्धिमत्ता और सूझबूझ का प्रदर्शन किया है और शांति को आगे बढ़ाने में रचनात्मक रूप से लगे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा, हम पूरी उम्मीद करते हैं कि इस्लामाबाद वार्ता स्थायी शांति प्राप्त करने में सफल होगी और उन्होंने आने वाले दिनों में और भी सकारात्मक घटनाक्रमों होने के प्रति आशा व्यक्त की।

यह घोषणा ऐसे समय में की गई है जब हाल के हफ्तों में इस क्षेत्र में, विशेष रूप से ईरान और अमेरिका समर्थित ठिकानों से जुड़े संघर्षों में तीव्र वृद्धि हुई है जिससे एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।

इसी बीच, व्हाइट हाउस द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के हवाले से जारी एक बयान में भी तनाव कम करने के प्रयासों के लिए वाशिंगटन के समर्थन का संकेत दिया गया है जिससे यह उम्मीद मजबूत हुई कि युद्धविराम पश्चिम एशिया में व्यापक राजनयिक संबंधों में सुधार की शुरुआत हो सकता है।

अमेरिकी राष्ट्रपति के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर, साथ ही उपराष्ट्रपति जेडी वैंस के इस्लामाबाद में ईरान के साथ होने वाली वार्ता में शामिल होने की उम्मीद है। श्री वैंस फिलहाल हंगरी के दौरे पर हैं और उसके बाद संभवतः पाकिस्तान में होने वाली वार्ता में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित