नयी दिल्ली , अगस्त 05 -- शिवसेना के सांसदों ने न्यूनतम पेंशन बढ़ाने और अन्य मांगों को लेकर लम्बे समय से आंदोलन कर रहे निजी क्षेत्र के पेंशनभोगियों को आश्वासन दिया है कि वे उनकी पेंशन बढ़ोतरी की मांग को जल्द पूरा करवाने के लिए सरकार से पुरजोर अपील करेंगे।

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे, श्रीरंग अप्पा बारने, भाऊ साहेब राजाराम वाघचौरे और नरेश महस्के ने कर्मचारी भविष्य निधि कोष (ईपीएफ)-1995 से जुड़ी पेंशन योजना के तहत न्यूनतम पेंशन बढ़ाने की मांग को लेकर यहां जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन कर रहे निजी क्षेत्र के पेंशन भोगियों के बीच पहुंच कर उन्हें समर्थन दिया। उन्होंने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि वे सरकार पर दबाव डालकर उनकी काफी समय से लंबित और जायज मांग को पूरा करवायेंगे।

श्री शिंदे ने कहा कि उनकी श्रम मंत्री मनसुख मांडविया से बातचीत हुई है और उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही निजी क्षेत्र के सेवानिवृत्त ईपीएस-95 से जुड़े इन पेंशनभाेगियों की मांग के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।

गौरतलब है कि ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति की ओर से न्यूनतम पेंशन बढ़ाने और उनके जीवनसाथी को मुफ्त चिकित्सा सुविधा देने की मांग को लेकर आज देश भर से आये बड़ी संख्या में पेंशनभाेगियों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया।

समिति के अध्यक्ष कमांडर अशोक राउत ने इस मौके पर कहा कि पिछले 10 वर्षों से बुजुर्ग पेंशनभोगी सड़क से लेकर संसद तक ज्ञापन, धरना और प्रदर्शन करके न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये, इस पर महंगाई भत्ता और मुफ्त चिकित्सा सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार बार-बार आश्वाशन देकर इतने गंभीर मसले को टालती आ रही है। अब पेंशनभोगियों का धैर्य जवाब दे चुका है। जंतर- मंतर से आज सरकार को चेतावनी दी जाती है कि वह तत्काल पेंशन बढ़ाये, वरना देश भर में कर्मचारी भविष्यनिधि कार्यालयों पर ताला डाला जाएगा और गिरफ्तारी देकर जेलों को भरा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित