चेन्नई , अप्रैल 11 -- अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव एडप्पडी के पलानीस्वामी (ईपीएस) ने अभिनेता-राजनेता विजय पर निशाना साधते हुए युवाओं से अपील की कि वे उन्हें राजनीति में गंभीरता से न लें और उनसे दूरी बनाए रखें।

तिरुवल्लूर जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री पलानीस्वामी ने बिना नाम लिए कहा कि युवा फिल्मों का आनंद लें, लेकिन उसे वास्तविकता से अलग समझें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "फिल्मों में कोई व्यक्ति 50 लोगों से लड़ सकता है, लेकिन असल जिंदगी में ऐसा संभव नहीं है।"श्री पलानीस्वामी ने युवाओं को कोविड-19 महामारी के दौरान अन्नाद्रमुक सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की याद दिलाई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने छात्रों को "ऑल पास" दिया, ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कीं और सभी को डिग्री प्रदान की।

उन्होंने कहा, "हमने आपको शिक्षा दी, सुविधाएं दीं, अब क्या आप हमें भूल सकते हैं?"श्री पलानीस्वामी ने श्री विजय के नेतृत्व पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि एक राजनीतिक नेता में साहस और आत्मविश्वास होना चाहिए। उन्होंने इशारों में कहा कि एक बड़े हादसे (करूर भगदड़) के दौरान विजय 72 दिनों तक गायब रहे, जो नेतृत्व की कमी को दर्शाता है।

श्री पलानीस्वामी ने दिवंगत एम जी रामचंद्रन (एमजीआर) का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी तुलना श्री विजय से केवल इस बात पर हो सकती है कि दोनों अभिनेता हैं। उन्होंने एमजीआर को "भगवान समान" बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी कमाई जनता के कल्याण में लगाई।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले श्री पलानीस्वामी ने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) और अन्नाद्रमुक के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावना जताई थी, लेकिन श्री विजय ने अन्नाद्रमुक को महत्वहीन बताते हुए इसे खारिज कर दिया था और भारतीय जनता पार्टी को "सांप्रदायिक और फासीवादी" बताया था।

श्री पलानीस्वामी ने अंत में कहा कि युवा अपने भविष्य और देश के विकास को ध्यान में रखकर सोच-समझकर मतदान करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित