श्रीनगर , अगस्त 25 -- जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने ईद-मिलाद-उन-नबी और रक्षाबंधन सहित आगामी त्योहारों एवं आयोजनों के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों की मंगलवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की। बैठक में पूरी घाटी में, विशेष रूप से प्रमुख दरगाहों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास सतर्कता बढ़ाने, सक्रिय पुलिसिंग और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस नियंत्रण कक्ष कश्मीर में आयोजित इस बैठक में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
पुलिस द्वारा जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और बलों की तैनाती की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई ताकि सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
श्री प्रभात ने संवेदनशील स्थलों पर कड़ी निगरानी, गश्त बढ़ाने और फुलप्रूफ सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। हजरतबल दरगाह और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने को कहा गया, जहां ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर रात भर चलने वाली विशेष प्रार्थनाओं और विशाल सभाओं की उम्मीद है।
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को कहा कि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी फील्ड फॉर्मेशनों के बीच त्वरित प्रतिक्रिया और करीबी समन्वय बनाए रखा जाए। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों और रणनीतिक स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित