वाराणसी , अगस्त 26 -- पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद की यौमे पैदाइश की खुशी में ईद मिलादुन्नबी बुधवार को काशी में पूरी अकीदत और एहतराम के साथ मनाई जा रही है। मुस्लिम बहुल इलाकों में आकर्षक सजावट की गई है। जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और जुलूसों को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

ईद मिलादुन्नबी को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, जबकि जुलूस के मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों और जुलूस में शामिल लोगों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/मुख्यालय) शिवहरि मीणा ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी के आयोजन को लेकर पूर्व में कमेटियों के साथ बैठक की गई थी और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों से कहा गया है कि वे जुलूस में शामिल लोगों और वालंटियर्स को निर्धारित व्यवस्था की जानकारी देकर संयमित तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराएं।

उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान सड़कों पर आम नागरिकों की आवाजाही, एंबुलेंस, आपातकालीन सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। शहर में अन्य त्योहारों और आयोजनों को देखते हुए पुलिसकर्मियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित