पटना , मार्च 09 -- पटना के जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने सोमवार को वरीय पदाधिकारियों के साथ गांधी मैदान पहुंचकर ईद की नमाज को लेकर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया और नमाज-ए-इदैन कमिटी के प्रतिनिधियों से विमर्श किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन ने अधिकारियों को कमिटी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां मानकों के अनुसार समय पर और त्रुटिहीन तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नमाज के दौरान उत्कृष्ट भीड़- प्रबंधन, अचूक सुरक्षा व्यवस्था, सुचारू यातायात संचालन और मजबूत विधि- व्यवस्था सुनिश्चित की जाये, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक व्यवस्थायें समय पर पूरी करने और पर्व के दौरान शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल बनाये रखने के लिये विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित