श्रीनगर , मार्च 16 -- जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी ईद और नवरात्रि के मद्देनजर आवश्यक वस्तुओं और पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने यह निर्देश उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए, जिसमें प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं और पेट्रोलियम उत्पादों के भंडार की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में पश्चिम एशिया की मौजूदा भू-राजनीतिक स्थिति को देखते हुए संभावित प्रभावों पर भी चर्चा हुई।
श्री अब्दुल्ला ने अधिकारियों से कहा कि प्रशासन को सतर्क और सक्रिय रहना होगा ताकि किसी भी जिले में कृत्रिम कमी, जमाखोरी या कालाबाजारी की स्थिति पैदा न हो। उन्होंने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के साथ-साथ जिला प्रशासन को भी इस दिशा में कड़ी निगरानी रखनी होगी।
उन्होंने सभी डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिया कि जिला स्तर पर सख्त निगरानी रखकर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और निष्पक्ष वितरण सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा संकट कितने समय तक चलेगा, यह स्पष्ट नहीं है, इसलिए प्रशासन को लंबे समय तक सतर्क रहने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने सूचना विभाग को निर्देश दिया कि जनता को नियमित रूप से आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति की जानकारी दी जाए, ताकि अफवाहों और घबराहट में खरीदारी की स्थिति से बचा जा सके।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पर्यटन सीजन और त्योहारों को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक एलपीजी आपूर्ति में किसी भी प्रकार के बदलाव से पहले होटल और रेस्तरां संचालकों जैसे हितधारकों से सुझाव लेने की भी बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित