सहारनपुर , मई 27 -- ईद उल जुहा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए मुस्लिम बहुल सहारनपुर जिले में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। बुधवार को जिले के विभिन्न नगरों और कस्बों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च में डीआईजी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक देहात, क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने ईद उल जुहा के मद्देनजर बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने लोगों से त्योहार को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
उलेमाओं, मस्जिद कमेटियों और धार्मिक संगठनों ने भी लोगों से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने देशभर के मुसलमानों से केवल वाजिब पशुओं की कुर्बानी देने और किसी भी स्थिति में गौवंश की कुर्बानी न करने की अपील की है।
सहारनपुर शहर में ईद उल जुहा की नमाज गुरुवार सुबह विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में अदा की जाएगी। ईदगाह में सुबह आठ बजे नमाज अदा कराई जाएगी, जहां शहरकाजी इमामत करेंगे। जामा मस्जिद प्रबंधन के अनुसार वहां सुबह साढ़े छह बजे नमाज होगी।
पुलिस प्रशासन ने जिलेभर में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर कुर्बानी से जुड़े वीडियो साझा न करने की अपील की है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित