नोएडा , मई 28 -- ईद-उल-अज़हा त्योहार के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के नोएडा शहर में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये हैं।
पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी साझा करते हुए बताया गया कि नोएडा पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र के नेतृत्व में कमिश्नरेट के तीनों जोन, नोएडा, सेंट्रल नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
इसी क्रम में आज अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह के साथ नोएडा जोन के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और फुट पेट्रोलिंग की। इस दौरान एसीपी, थाना प्रभारी, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड तथा पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों ने निठारी मस्जिद, जामा मस्जिद, प्रमुख बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों, धर्मगुरुओं और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर ईद-उल-अज़हा का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों को सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने, अफवाहों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी और मजबूत बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित