नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनियम (फेमा), 1999 की धारा 37ए के तहत विंजो प्राइवेट लिमिटेड और उसकी सहायक कंपनियों के 590 करोड़ रुपये के बैंक खाते, फिक्स्ड डिपॉजिट, म्यूचुअल फंड और बॉड जब्त कर लिये हैं। यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन कानून (फेमा) की धारा 4 के उल्लंघन के मद्देनजर की गई है।

ईडी के बेंगलुरु कार्यालय ने कहा कि विंजो रियल मनी गेम्स (आरएमजी)/ऑनलाइन जुआ के कारोबार में लगी हुई है और इसके पास 100 से अधिक गेम हैं जिसके लगभग 25 करोड़ उपभोक्ता हैं।

विंजो ने अपनी विदेशी सहायक कंपनियों-विंजो यूएस इंक, यूएसए और विंजो एसजी पीटीई लिमिटेड, सिंगापुर-में 54,255,010 अमेरिकी डॉलर (लगभग 492 करोड़ रुपये) की विदेशी मुद्रा हासिल करके विदेशी प्रत्यक्ष निवेश किया।

विंजो अपनी अमेरिका-स्थित सहायक कंपनी विंजो यूएस इंक के माध्यम से ब्राजील, जर्मनी और संयुक्त राज्य अमेरिका में गेम पेश करके वास्तविक-धन वाले गेमिंग संचालन (ऑनलाइन जुआ) का संचालन कर रहा है।

ईडी ने कहा कि विंजो ने विदेशी प्रत्यक्ष निवेश की आड़ में विदेशों में धन जमा किया, जबकि इन विदेशी परिचालनों के लिए संपूर्ण गेमिंग बुनियादी ढांचा भारत से साझा और नियंत्रित किया गया था। ईडी ने कहा कि परिचालन करने के लिए उनके पास न तो स्वतंत्र प्रतिष्ठान थे और न ही विदेश में नियमित कर्मचारी थे। इन संस्थाओं का संपूर्ण प्रबंधन और नियंत्रण, भारत में स्थित निदेशकों और कर्मचारियों द्वारा किया जाता था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित