चंडीगढ़ , सितंबर 24 -- आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के कार्यालय में चल रही कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को मोहाली में प्रदर्शन किया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आप के कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक अमनशेर सिंह शेरी कलसी की अगुवाई में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ईडी की टीम का घेराव करने का प्रयास किया। कुछ प्रदर्शनकारी गमाडा परिसर में भी दाखिल हुए और पुलिस के साथ उनकी झड़प हुई। एक ईडी वाहन के शीशे को नुकसान पहुंचने की भी खबर है।
श्री कलसी ने आरोप लगाया कि पंजाब विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ केंद्रीय एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी है और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ईडी का इस्तेमाल आप सरकार पर दबाव बनाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में चुनाव से पहले भी इसी तरह की कार्रवाई की गयी थी और अब पंजाब में भी चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि लंबी तलाशी और जांच के बावजूद ईडी को आप नेताओं के खिलाफ कुछ नहीं मिला। कलसी ने कहा कि आप कार्यकर्ता पंजाब में केंद्रीय एजेंसियों के कथित दबाव को स्वीकार नहीं करेंगे।
ईडी की कार्रवाई हालांकि एक धनशोधन जांच से जुड़ी है।
रिपोर्टों के अनुसार, एजेंसी गमाडा से संबंधित भूमि अधिग्रहण, भू-उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) मंजूरी और अन्य लेनदेन की जांच कर रही है। ईडी ने पंजाब और आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर तलाशी एवं सर्वेक्षण किये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित