बारां , मई 26 -- राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा जारी वरिष्ठ कम्प्यूटर अनुदेशक एवं बेसिक कम्प्यूटर अनुदेशक संयुक्त सीधी भर्ती-2026 को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
भर्ती में पदों के वर्गीकरण और ईडब्ल्यूएस आरक्षण व्यवस्था को लेकर स्वर्ण समाज और विप्र संगठनों में नाराजगी बढ़ती दिखाई दे रही है। इसी मुद्दे को लेकर बारां में विप्र सेना की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर सामान्य वर्ग और ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों की उपेक्षा करने के आरोप लगाये गये। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि हजारों पदों वाली इस भर्ती में सामान्य वर्ग के लिए अपेक्षाकृत कम पद निर्धारित किये गये हैं, जिससे युवाओं में असंतोष और आक्रोश का माहौल है। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती प्रक्रिया में पदों का वर्गीकरण संतुलित और पारदर्शी नहीं है। नियमानुसार मिलने वाला अवसर सामान्य वर्ग एवं ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को नहीं मिल पा रहा है।
विप्र सेना के प्रदेश सलाहकार आशीष शर्मा ने ईडब्ल्यूएस आरक्षण को 10 प्रतिशत से 14 प्रतिशत किये जाने, सामान्य वर्ग के लिए पदों की संख्या बढ़ाने और यूजीसी से जुड़े कथित 'काले कानून' को समाप्त करने की मांग उठाई गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित