श्रीनगर , सितंबर 14 -- जम्मू-कश्मीर अपराध शाखा की कश्मीर आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने एक कुख्यात जालसाज के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। उस पर कश्मीर घाटी में लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है और उसके खिलाफ 15 मामले दर्ज हैं।
अधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कुपवाड़ा के कलारूस इलाके के लिश्टियाल निवासी अब्दुल मजीद मीर के खिलाफ धोखाधड़ी एवं जालसाजी के मामले (एफआईआर नंबर 12/2026, आईपीसी की धारा 420, 468 और 471 के तहत) में श्रीनगर की फॉरेस्ट मजिस्ट्रेट अदालत में चार्जशीट पेश की गई।
ईओडब्ल्यू ने बताया कि यह मामला एक लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शिकायतकर्ता के बेटे को सरकारी नौकरी दिलाने के बहाने आरोपी ने बेईमानी से लाखों रुपये हड़प लिए। आरोपी ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा कथित तौर पर जारी किया गया एक नियुक्ति पत्र पेश किया, जो बाद में नकली और जाली पाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित