चंडीगढ़ , अगस्त 03 -- हरियाणा सरकार ने कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) विभाग के नर्सिंग कैडर के विभिन्न पदों के पदनाम स्वास्थ्य विभाग की तर्ज पर बदलने का निर्णय लिया है।

श्रम मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी मिल गई है। इससे ईएसआई विभाग के नर्सिंग कर्मचारियों को स्वास्थ्य विभाग के अनुरूप समान पहचान और पदनाम मिलेंगे।

श्री अनिल विज ने बताया कि स्टाफ नर्स का पदनाम अब नर्सिंग ऑफिसर, नर्सिंग सिस्टर का सीनियर नर्सिंग ऑफिसर, सहायक मैट्रन का सहायक मुख्य नर्सिंग ऑफिसर तथा मैट्रन का पदनाम मुख्य नर्सिंग ऑफिसर कर दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बदलाव केवल पदनामों के पुनर्निर्धारण तक सीमित है और इससे राज्य सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा। इस निर्णय का उद्देश्य स्वास्थ्य विभाग और ईएसआई विभाग के बीच प्रशासनिक एकरूपता स्थापित करना तथा कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।

श्रम मंत्री ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है और नए पदनाम उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप सम्मानजनक एवं पेशेवर पहचान प्रदान करेंगे। इससे विभागीय समन्वय बेहतर होगा और विभिन्न विभागों में पदों की समानता भी स्थापित होगी।

श्री विज ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान भी उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों के पदनामों को समयानुकूल और गरिमापूर्ण बनाने की पहल की थी। उसी क्रम में अब ईएसआई विभाग के नर्सिंग कैडर के पदनाम भी स्वास्थ्य विभाग के अनुरूप संशोधित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित