हैदराबाद , अक्टूबर 25 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की तेलंगाना राज्य समिति ने तेलंगाना के चार प्रमुख ईएसआई अस्पतालों में सफाई के ठेकों में हुई अनियमितताओं की उच्च न्यायालय के मौजूदा न्यायाधीश से निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की है।

पार्टी ने इन विवादित ठेकों को तुरंत रद्द करने, दोषियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज करने और गबन की गई रकम की वसूली करने की भी मांग उठाई है।

माकपा के राज्य सचिव जॉन वेस्ले ने एक बयान में आरोप लगाया कि रोजगार समिति की रिपोर्ट और प्रशासनिक अधिकारियों की सिफारिशों को ताक पर रखकर सफाई दर को 10 रुपये से सीधे बढ़ाकर 49.50 रुपये प्रति वर्ग फुट कर दिया गया है। उन्होंने इस मनमाने इजाफे को मंजूरी देने में शामिल वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।

पार्टी के मुताबिक, इस बढ़ोतरी से सफाई व्यवस्था पर होने वाला मासिक खर्च 61.71 लाख रुपये से उछलकर सीधे 3.05 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

श्री वेस्ले ने आरोप लगाया कि ठेके की दरों में भारी-भरकम बढ़ोतरी के बावजूद अस्पतालों में तैनात सफाई कर्मचारियों की दैनिक मजदूरी में एक रुपये का भी इजाफा नहीं किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित