नयी दिल्ली , जून 01 -- श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने देशभर के अपने सभी अस्पतालों और औषधालयों में रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक केंद्रीकृत ऑनलाइन रोगी फीडबैक प्रणाली लागू की है।

श्रम और रोजगार मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इस नयी डिजिटल पहल के माध्यम से मरीज अब स्वच्छता, कर्मचारियों के व्यवहार, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अपने अनुभवों और सुझावों को सीधे साझा कर सकेंगे।

ईएसआईसी के अनुसार यह प्रणाली मरीजों को स्वास्थ्य सेवा अनुभवों पर त्वरित प्रतिक्रिया देने का आसान और पारदर्शी माध्यम प्रदान करती है। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में सेवा गुणवत्ता को बेहतर बनाना और मरीजों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि फीडबैक देने के लिए मरीजों को कई डिजिटल विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। ईएसआईसी की स्वास्थ्य सूचना प्रणाली (धनवंतरी) के माध्यम से सेवा प्राप्त करने के बाद व्यक्ति को एसएमएस के जरिए एक सीधा फीडबैक लिंक भेजा जाएगा। इसके अलावा अस्पतालों और ओपीडी परिसरों में लगाए गए बहुभाषी पोस्टरों पर मौजूद क्यूआर कोड को स्कैन कर भी मरीज तुरंत अपनी प्रतिक्रिया दर्ज कर सकेंगे। आधिकारिक ईएसआईसी वेबसाइट के माध्यम से भी फीडबैक जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ईएसआईसी ने इस प्रणाली में मुख्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय और स्थानीय स्वास्थ्य सुविधा स्तर पर निगरानी के लिए डिजिटल डैशबोर्ड भी विकसित किए हैं। इन डैशबोर्डों के माध्यम से अधिकारियों को वास्तविक समय में प्रदर्शन की जानकारी मिलेगी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।

ईएसआईसी ने कहा कि यह पहल बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और देश के श्रमिक वर्ग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित