चंडीगढ़ , मई 18 -- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने देश के विभिन्न राज्यों में ईंधन राशनिंग की खबरों पर केंद्र सरकार से तत्काल स्पष्टीकरण मांगा और कहा कि सरकार की ओर से स्थिति स्पष्ट न किए जाने के कारण लोगों में घबराहट का माहौल है।

श्री वडिंग ने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा कि पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ समेत कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल की सीमित बिक्री की खबरें बेहद चिंताजनक संकेत हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पर्याप्त ईंधन उपलब्ध नहीं करवा पाया, तो इससे अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ेगा।

राज्य के लुधियाना से सांसद वड़िंग ने कहा कि केंद्र सरकार और खासकर प्रधानमंत्री को इस स्थिति को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "देश में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं, जबकि प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं।"कांग्रेस नेता ने ऊर्जा और आर्थिक संकट पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी पहले भी देश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति को लेकर सरकार को आगाह कर चुके हैं।

श्री वड़िंग ने कहा कि सरकार को चिंताओं को नजरअंदाज करने की बजाय ईमानदारी से हालात का आकलन करना चाहिए और समय रहते सुधारात्मक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ईंधन खरीद पर सीमाएं लगाने या लोगों से खरीदारी कम करने की अपील करने से संकट का समाधान नहीं होगा। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संसद में देश को वास्तविक स्थिति से अवगत करवाएं और चुनौतियों से निपटने के लिए स्पष्ट रोडमैप पेश करें। साथ ही विपक्ष को विश्वास में लेकर सामूहिक समाधान तलाशे जाएं।

सांसद ने कहा कि देश की जनता को भ्रम नहीं, बल्कि ठोस समाधान चाहिए। सरकार को रोजगार, कारोबार, सप्लाई चेन और आम लोगों के दैनिक जीवन की सुरक्षा के लिए स्पष्ट कार्ययोजना पेश करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित