वाराणसी , मई 15 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से देशवासियों से ईंधन की बचत और सादगी अपनाने की अपील के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के नवनियुक्त राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत काफिले को लेकर वाराणसी में सियासत गरमा गई है। गुरुवार को शहर में निकले स्वागत जुलूस और वाहनों के लंबे काफिले के कारण कई इलाकों में जाम की स्थिति बनने पर विपक्ष ने भाजपा सरकार को निशाने पर लिया।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए भाजपा और सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को ईंधन बचाने, कार-पूलिंग और सादगी का संदेश देते हैं, लेकिन उनके संसदीय क्षेत्र काशी में ही मंत्री और भाजपा नेता इन अपीलों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं।

अजय राय ने अपने बयान में कहा कि "प्रधानमंत्री जी टीवी पर आकर देश को ईंधन बचाने और सादगी अपनाने का संदेश देते हैं, लेकिन काशी की सड़कों पर भाजपा नेताओं का लंबा काफिला जनता को घंटों जाम में फंसाने का काम कर रहा है। क्या ये नसीहतें सिर्फ आम जनता के लिए हैं।"उल्लेखनीय है कि 10 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल विस्तार में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया था। इनमें वाराणसी भाजपा के जिलाध्यक्ष रहे हंसराज विश्वकर्मा को भी राज्यमंत्री बनाया गया। मंत्री बनने के बाद गुरुवार को उनके पहली बार वाराणसी पहुंचने पर शिवपुर, तरना और गिलट बाजार समेत कई क्षेत्रों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और वाहनों की मौजूदगी के कारण कई मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित