चंडीगढ़ , मई 15 -- हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में इजाफे से आम जनता महंगाई की दोहरी मार झेल रही है और घरों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।

श्री राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दामों में तीन रुपये से अधिक प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। डीजल महंगा होने से परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर फल, सब्जी, दूध, अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। इससे गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने से ऑटो, बस और टैक्सी किराए में भी बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम लोगों का सफर महंगा हो गया है। वहीं खेती की लागत भी लगातार बढ़ रही है, क्योंकि ट्रैक्टर, ट्यूबवेल और सिंचाई पंप डीजल पर निर्भर हैं। इससे किसान आर्थिक दबाव में आ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उद्योग और व्यापार क्षेत्र पर भी इसका असर पड़ रहा है। माल ढुलाई महंगी होने से उत्पादन लागत बढ़ रही है, जिसका बोझ अंततः उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए टैक्स में कमी करने की मांग की। साथ ही बताया कि कांग्रेस 18 से 20 मई के बीच जिला स्तर पर रोष प्रदर्शन करेगी और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित