श्रीगंगानगर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील क्षेत्र में मंगलवार तड़के आए आंधी-बारिश के दौरान एक ईंट भट्ठे पर भंडारित जैव अपशिष्ट (सरसों के गूणे) में आग लग गयी।

दमकल विभाग के अनुसार कालीरावण गांव में आज सुबह करीब पौने पांच बजे आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। भट्ठे के मालिक मनोहरसिंह ने भी आग बुझाने के लिए कई वॉटर टैंकर लगाए थे। भट्ठे पर हजारों क्विंटल जैव अपशिष्ट का भंडार था।

सूत्रों ने बताया कि सोमवार रात चली तेज आंधी और अंधड़ के दौरान कहीं से चिंगारी उड़कर अपशिष्ट के अंदर चली गई और अंदर ही अंदर आग सुलगती रही। तड़के इसने विकराल रूप ले लिया। आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लगे। इस दौरान मोटे अनुमान से 500 क्विंटल जैव अपशिष्ट या तो जलकर राख हो गया या पानी पड़ने से खराब हो गया।

हालांकि, दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से हजारों क्विंटल जैव अपशिष्ट को आग की चपेट से बचा लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित