होशियारपुर , जून 19 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के हाजीपुर थाना क्षेत्र के गांव डगान स्थित एक ईंट-भट्ठे पर गुरुवार देर रात एक 33 वर्षीय प्रवासी महिला की कथित तौर पर उसके पति ने चाकू मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान ज्योति, निवासी छत्तीसगढ़, के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरप्रीत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि घटना रात करीब दो बजे की है। किसी बात को लेकर ज्योति और उसके पति लक्ष्मी नारायण के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर गुस्से में आये पति ने कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया, जिससे ज्योति की मौके पर ही मौत हो गयी।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव डगान के ईंट-भट्ठे पर रह रहे प्रवासी मजदूरों में से एक महिला की हत्या कर दी गयी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित