पटना , सितंबर 22 -- िहार ईंट निर्माता संघ की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर आज खान एवं भूतत्व विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने विभागीय अधिकारियों एवं बिहार ईंट निर्माता संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में ईंट उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में संघ की ओर से पूर्व की भांति बिहार स्टेट माइनिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से कोयला प्राप्त करने में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग रखी गई। साथ ही भारत सरकार के कोयला मंत्रालय से ईंट निर्माताओं के लिए कोयले का कोटा बढ़ाने का अनुरोध करने की मांग भी रखी गई।

खनन विभाग से कर वसूली की प्रक्रिया को सरल एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

कर भुगतान की प्रक्रिया को सरल बनाने के संबंध में विभाग की ओर से ऐसी व्यवस्था विकसित करने पर विचार किया गया, जिसके तहत निर्धारित खाते में ईंट निर्माता स्वयं कर जमा कर सकें और उसकी रसीद/प्रमाण विभाग को उपलब्ध करा सकें।

मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने संघ की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि ईंट उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ काम करेगा।साथ ही गंगा एवं उसकी सहायक नदियों से निकलने वाले गाद के उठाव में ईंट निर्माताओं को सुविधा एवं आवश्यक सहयोग दिया जायेगा।

बैठक में खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव अवनीश कुमार सिंह, बिहार ईंट निर्माता संघ के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी मन्नु, सचिव मनीष कुमार तथा नालंदा जिला ईंट निर्माता संघ के सचिव सतीश चौहान सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित