पटना , जुलाई 14 -- ुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत राज्य के प्रत्येक जिले में खेल भवन सह व्यायामशाला का निर्माण किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और बेहतर मंच प्रदान करना है। वर्तमान में प्रदेश के 25 जिलों में खेल भवन पूर्ण रूप से तैयार हो चुके हैं, जबकि 12 जिलों में निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है।
इन जिलों में कार्य प्रगति पर है। समस्तीपुर में लगभग 95 प्रतिशत, बेगूसराय में 90 प्रतिशत, दरभंगा में 85 प्रतिशत और वैशाली में 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेखपुरा, गोपालगंज तथा सुपौल में 40 प्रतिशत और सीतामढ़ी, कैमूर व नालंदा में 30 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। मुंगेर जिले में निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। बक्सर में भवन निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2026 तक सभी जिलों में ये खेल भवन पूर्ण रूप से तैयार हो जाएंगे।
ये खेल भवन दो मंजिला आधुनिक इमारतों के रूप में तैयार किए जा रहे हैं। निचले तल पर व्यायामशाला हॉल, मल्टी जिम, ट्रेडमिल, वेट लिफ्टिंग क्षेत्र, ग्रीन रूम तथा महिला-पुरुष प्रसाधन कक्ष की सुविधा होगी। प्रथम तल पर मिश्रित खेल हॉल बनाया गया है, जहां ताइक्वांडो, कुश्ती, कबड्डी जैसे खेलों का आयोजन किया जा सकेगा। इस तल पर भी ग्रीन रूम और अलग-अलग प्रसाधन कक्ष उपलब्ध होंगे। द्वितीय तल पर जिला खेल अधिकारी का कार्यालय (प्रसाधन कक्ष सहित) और 50 व्यक्तियों की क्षमता वाला कॉन्फ्रेंस हॉल रहेगा। खेल भवनों को अधिक सुरक्षित और उपयोगी बनाने के लिए आरओ वॉटर प्यूरीफायर, जनरेटर सेट, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम और साइनबोर्ड जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित