जयपुर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में सहकारिता विभाग द्वारा संचालित भारत टैक्सी की आगामी दिसंबर तक पांच हजार राइड का लक्ष्य निर्धारित किया गया और इसके लिए समर्पित टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रविवार को यहां भारत टैक्सी के संचालन, सेवाओं की गुणवत्ता और राइड की संख्या बढ़ाने के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह लक्ष्य दिया। बैठक में भारत टैक्सी की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई और इसके संचालन को अधिक प्रभावी, प्रतिस्पर्धी एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए गए।
श्री श्रीनिवास ने भारत टैक्सी के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर विवेक पाण्डे को आगामी 31 दिसंबर तक पांच हजार राइड प्रतिदिन तक बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसके लिए समर्पित टीम गठित करने, प्रभावी प्रोत्साहन मॉडल विकसित करने तथा आगामी 15 दिन में व्यापक मार्केटिंग एवं कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर भारत टैक्सी ऐप का अवलोकन किया तथा इसकी कार्यप्रणाली एवं उपयोगकर्ता अनुभव में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक राइड की समीक्षा करने तथा यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय एवं किफायती परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
मुख्य सचिव ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर भारत टैक्सी का प्रचार-प्रसार करने, स्टैंडी स्थापित करने, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के माध्यम से प्रचार गतिविधियां संचालित करने तथा जयपुर नगर निगम के सहयोग से मार्केटिंग को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस, परिवहन, नगर निगम, डेयरी आदि विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक सहयोग प्राप्त करने पर भी जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित